कार्तिक आर्यन की छवि सिनेमा जगत में एक रोमांटिक हीरो की है। युवा दर्शक उन्हें इस जॉनर में काफी पसंद करते हैं। लेकिन अब कार्तिक अपने कम्फर्ट जोन (सुविधा क्षेत्र) छोड़कर एक्शन फिल्मों में हाथ आजमाने जा रहे हैं। कार्तिक आर्यन, 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' के निर्देशक ओम राउत की 3डी एक्शन फिल्म में नजर आएंगे। यह फिल्म भूषण कुमार द्वारा निर्मित की जाएगी। पिछले कुछ समय से चल रही इस चर्चा की अब आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है।

 

यह फिल्म कार्तिक के लिए कई मायनों में एक सुनहरा मौका है। दरअसल, कार्तिक ने कई साक्षात्कार में एक्शन फिल्म करने की इच्छा प्रकट की है। देखते ही देखते अब उनकी यह इच्छा पूरी होने जा रही है। खास बात यह है कि इस फिल्म की कमान ओम राउत के हाथों में है। उनकी फिल्म 'तानाजी...' जिस तरह से अब भी सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है उसे देखते हुए लगता है कि कार्तिक की पांचों उंगलियां घी में है।

 

'तानाजी...' ने अब तक करीब 263 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। 10 जनवरी को रिलीज हुई इस फिल्म की रफ्तार करीब महीने भर बाद भी थमने का नाम नहीं ले रही है। काार्तिक आर्यन की बात करें तो पिछले साल वह 'लुका छिपी' और 'पति पत्नी और वो' जैसी फिल्मों में नजर आए थे। दोनों ही फिल्मे दर्शकों द्वारा पसंद की गई थी।

 

वहीं इन दिनों वह इम्तियाज अली निर्देशित फिल्म 'लव आज कल' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म में सारा अली खान भी मुख्य किरदार में हैं। यह फिल्म 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे के मौके पर रिलीज हो रही है। इसके अलावा कार्तिक के खाते में 'भूल भुलैया 2' भी है। बीते दिनों  इस फिल्म का लुक भी सामने आया था जिसे सोशल मीडिया पर पसंद किया गया था। यह फिल्म 31 जुलाई 2020 को रिलीज होगी। 

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: