नयी दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच तल्ख माहौल के बीच कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा का लाहौर जाना कई लोगों के गले नहीं उतर रहा। हालांकि शत्रुघ्न का कहना है कि यह उनका निजी दौरा था और इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं, लेकिन पाकिस्तान इस दौरे का मुद्दा बना रहा है। पाकिस्तान कह रहा है कि शत्रुघ्न सिन्हा और पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी की मुलाकात में कश्मीर की मौजूदा स्थिति पर भी बातचीत हुई। इस घटना को 2 -3 दिन हो चुके हैं,लेकिन शत्रुघ्न पर वार जारी है।

 

पाकिस्तान के राष्ट्रपति कार्यालय का ट्वीट

पाकिस्तान के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से ट्वीट किया गया है कि भारतीय नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से लाहौर में मुलाकात की। उन्होंने दोनों देशों के बीच शांति का पुल बनाने पर चर्चा की। इस ट्वीट में यह भी कहा गया है कि सिन्हा ने कश्मीर में 200 से अधिक दिनों के लॉकडाउन पर राष्ट्रपति की चिंता का समर्थन किया। शत्रुघ्न दिल्ली लौटे तो सोशल मीडिया पर उन्हें काफी लताड़ा गया।

 

इस पर शत्रुघ्न ने मीडिया को जवाब भी दिया कि वह एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान राष्ट्रपति अल्वी से मिलने का न्योता मिला तो वह मिलने पहुंचे। उन्होंने यहां सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर चर्चा की। राजनीति पर कोई बात नहीं की। खैर, सोशल मीडिया पर यूजर सवाल पूछ रहे हैं कि पाकिस्तान झूठ बोले या सच मौका तो आपने ही दिया है।

 

शत्रुघ्न को घेरा

शत्रुघ्न के पाकिस्तान दौरे के लेकर सोशल मीडिया पर यूजर उन्हें घेर रहे हैं। यूजर ने लिखा कि इन लोगों को पैसा मिलना चाहिए, ये लोग कहीं भी चले जाते हैं। एक ने लिखा कि पर्सनल रिश्ते देश की इज्जत से ऊपर होते हैं क्या? एक ने लिखा शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस के कल्चर को आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस में जाते ही सबको पाकिस्तान अच्छा लगने लगता है। इससे पहले कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू भी पाकिस्तान दौरा करके विवादों में फंस चुके हैं। 

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: