मुंबई। रविवार को भारत और इंग्लैंड के बीच हुए मुकाबले में टीम इंडिया भगवा और नीले कलर की नई जर्सी में मैदान पर उतरी थी। हालांकि, भारत ये मैच 31 रन से हार गई। मैच के बाद एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की जर्सी बदलने की मांग की है। इसके कारण वह सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रही हैं।

हुमा कुरैशी ने सोशल मीडिया पर लिखा- मैं किसी अंधविश्वास को मानती नहीं हूं, लेकिन प्लीज क्या हम ब्लू जर्सी में वापस लौट सकते हैं। काफी कुछ कह दिया गया है। हुमा का ये कमेंट सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया है। 

हुमा के पोस्ट पर एक यूजर ने लिखा- क्यों आपको भगवा कलर की जर्सी से क्या दिक्कत है। वहीं, एक दूसरे यूजर ने कमेंट किया- इस कमेंट की क्या जरूरत थी। इसमें जर्सी का कलर कहां से आ गया। अनुज जैन ने नाम के यूजर ने लिखा- आपको भगवा जर्सी से क्या दिक्कत है। 

क्यों बदली गई टीम इंडिया की जर्सी 

टीम इंडिया वर्ल्ड कप में अभी तक ब्लू कलर की जर्सी में खेल रही थीं। टीम इंडिया को ये बदलाव इसलिए करना पड़ रहा है क्योंकि भारत और इंग्लैंड दोनों टीमों की जर्सी का रंग एक जैसा हो गया था। ऐसे में मेहमान टीम को अपने रेगुलर जर्सी की जगह अवे जर्सी के साथ मैदान में उतरना पड़ा।

हुमा से पहले कांग्रेस पार्टी ने भी जर्सी के कलर की आलोचना की थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी का भगवाकरण करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगे झंडे का अपमान कर रहे हैं।

31 रनों से हारी टीम इंडिया 

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए मैच में सलामी बैट्समैन  जानी बेयरस्टो के शतक (111 रन) की बदौलत भारत के सामने जीत के लिए 338 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 50 ओवरों में पांच विकेट खोकर 306 रन बनाए।

भारत की तरफ से रोहित शर्मा ने शानदार शतक (102 रन) जड़ा। इसके अलावा विराट कोहली ने भी कप्तानी पारी खेलते हुए अर्धशतक (66 रन) बनाया। हालांकि, आखिरी के 10 ओवरों में धीमी गति से रन बनाने के कारण टीम इंडिया ये मैच 31 रनों से हार गई।    





మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: