नयी दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली साल 2017 में शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों ने इटली में गुपचुप तरीके से शादी की थी और इसके बाद सोशल मीडिया के जरिए खुद फैंस को इस बात की जानकारी दी थी। जब अनुष्का शादी के बंधन में बंधी तब उनकी उम्र 29 साल थी जो कि किसी भी एक्ट्रेस के लिए शादी करने के लिहाज से कम मानी जाती है।


हाल ही में अनुष्का ने फिल्मफेयर को इंटरव्यू दिया और इस मुद्दे पर बात की। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें क्यों लगा कि उन्हें 30 की उम्र से पहले शादी कर लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'हमारे दर्शक हमारी इंडस्ट्री से ज्यादा समझदार है। दर्शकों की रुचि एक्टर को केवल स्क्रीन पर देखने में है। उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप शादीशुदा हैं या आप मां हैं। हमें इस मानसिकता से बाहर आने की जरूरत है। मैंने 29 की उम्र में शादी की जो कि एक एक्ट्रेस के तौर पर शायद कम है, लेकिन मैंने इस उम्र में शादी की क्योंकि मैं प्यार में थी। और मैं प्यार में हूं।'


एक्ट्रेस ने आगे कहा 'शादी तो करनी ही थी। मैं हमेशा महिलाओं के साथ समान व्यवहार के पक्ष में रही हूं। तो मैं अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत पल को किसी डर के साथ नहीं जीना चाहूंगी। अगर कोई पुरुष शादी से पहले दो बार नहीं सोचता और अपना काम जारी रखता है तो महिलाओं को इसके बारे में क्यों सोचना चाहिए? मैं खुश हूं कि अधिकतर अभिनेत्रियों ने शादी कर ली है। लोग एक दूसरे से प्यार करते हैं और उसे एक्सप्रेस करते हैं। हैप्पी कपल्स को साथ देखना बहुत अच्छा लगता है।'


अगर वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुष्का आखिरी बार आनंद एल. राय की फिल्म जीरो में नजर आईं थीं। फिल्म दर्शकों को पसंद नहीं आई थी जिसके चलते वो बॉक्स ऑफिस पर भी कमाल नहीं दिखा पाई। इस फिल्म में अनुष्का के अलवा शाहरुख खान और कटरीना कैफ भी थे। अनुष्का ने अभी अपनी अगली फिल्म के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। 


మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: