तेजी से फैल रहे कोरोनावायरस से चीन में हाहाकार मच गया है। अब तक इस वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है और इससे 830 लोगों के पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। इस विषाणु से मरने वालों की औसत उम्र 73 साल है । मृतकों में सबसे उम्रदराज शख्स 89 साल का था जबकि सबसे कम उम्र के लिहाज से 48 साल के व्यक्ति की मौत हुई। बीमारी को रोकने के लिए आपात कदम उठाते हुए वुहान समेत तीन शहरों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। वुहान, हुआंग्गांग और इजोऊ में सिटी बसों सहित सार्वजनिक यातायात के सभी साधन, सब-वे, नाव, ट्रेन और हवाई जहाज सेवाएं बंद कर दी गई हैं।


भारतीय दूतावास ने रद्द किया गणतंत्र दिवस कार्यक्रम
बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने चीन में कोरोनावायरस के हमले के कारण उत्पन्न हुई स्थिति को देखते हुए गणतंत्र दिवस समारोह को रद्द कर दिया है। बता दें कि चीनी अधिकारियों ने सार्वजनिक सभा और कार्यक्रमों को रद्द करने की घोषणा की है।


नागरिकों को आगाह किया गया है कि बिना महत्वपूर्ण वजह बताए शहर न छोड़ें। ऐसा करते हैं तो उन्हें सजा दी जाएगी। इस पाबंदी से करीब दो करोड़ लोग अपने-अपने शहरों में कैद हो गए हैं। 


भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
वही, चीन की राजधानी बीजिंग में भारत के दूतावास ने कहा है कि उन्हें कोरोनावायरस महामारी के संबंध में हेबेई प्रांत में रहने वाले भारतीयों के बारे में भारत में रहने वाले उनके रिश्तेदारों से जानकारियां मांगी जा रही है, जिसको देखते हुए दो हॉटलाइन जारी की गई है। 

 

दूतावास ने कहा है कि वह बीजिंग और हेबेई में प्रासंगिक चीनी अधिकारियों के साथ-साथ हेबेई में रहने वाले भारतीयों के साथ भी संपर्क में है। दूतावास का कहना है कि हम इस संबंध में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा जारी की गई सलाह सहित चीन में विकसित स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। 

 

उन्होंने कहा कि संबंधित चीनी अधिकारियों ने वुहान के निवासियों को खाद्य आपूर्ति सहित सभी सहायता का आश्वासन दिया है। साथ ही हेबेई और वुहान में रहने वाले भारतीयों के लिए भारतीय दूतावास ने दो हॉटलाइन को जारी किया है। जो +8618612083629 और +8618612083617 हैं।


हेबेई प्रांत में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि
चीन प्रशासन ने हुबेई प्रांत से दूर हेबेई में कोरोनावायरस से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। अभी तक इस वायरस के कारण जितनी भी मौतें हुई हैं वो हुबेई प्रांत में ही हुई थीं। माना जा रहा है कि हुबेई से ही यह वायरस अन्य जगहों पर फैला है।

 

बीजिंग से लगे उत्तरी हेबेई प्रांत में स्वास्थ्य आयोग ने एक बयान में कहा कि 22 जनवरी को वायरस से प्रभावित 80 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। हेबेई प्रांत में मौत के साथ चीन में इस वायरस के कारण अब तक 18 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है।


वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयास शुरू
वहीं दुनियाभर में इस वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रयास शुरू हो गए हैं। अब तक अज्ञात रहे इस वायरस को किसी जंगली जीव या उसके मांस से मानवों में फैलने की आशंका भी जताई गई है। सबसे पहले वुहान शहर को बंद करने का आदेश दिया गया। इसके बाद यहां से करीब 70 किमी दूर मौजूद हुआंग्गांग को बंद किया गया। 

 

ऐसे ही आदेश इजोऊ के लिए दिए गए। इन शहरों के मुख्यालयों ने नोटिस में कहा है कि ऐसा कोरोनावारयस से हो रहे निमोनिया को रोकने और इलाज करने के लिए किया गया है। लोगों से घर से निकलने पर मास्क लगाने को कहा गया है। यह नोटिस लागू होने के समय से केवल एक घंटे पहले नौ बजे जारी किया गया। 

 

इसमें सरकारी कर्मचारियों व सुरक्षा कार्यों में लगे लोगों को भी सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनने के लिए कहा गया है। वुहान ट्रांसपोर्ट हब, हनकोऊ रेलवे स्टेशन आदि बंदकर दिए गए हैं। हमेशा भीड़ से भरे रहने वाले यह स्थान सूनसान हो चुके हैं। रोक का पालन करवाने के लिए राजमार्गों पर सुरक्षा बलों को लगा दिया गया है।


 
पर्यटन पर आठ फरवरी तक रोक
चीन में शुक्रवार से ‘चंद्र नव वर्ष’ त्यौहार शुरू हो रहा है, और इनकी छुट्टियां चल रही हैं। इस दौरान देश भर से करोड़ों लोग अपने घर व सैर-सपाटे वाली जगहों पर आते-जाते हैं। नई रोक से वे भी प्रभावित होंगे।  वुहान के पर्यटन अधिकारियों ने सभी क्षेत्रीय एजेंसियों को 22 जनवरी से आठ फरवरी तक सभी तरह के पर्यटन पर रोक लगाने के लिए कहा है। विदेशों से आ रहे सभी ग्रुप टूर भी 30 जनवरी तक रद कर दिए गए हैं, पैसा लौटाने को कहा गया है। पांच सितारा होटलों को चेताया गया है कि वे आठ फरवरी तक अपने सभी आयोजन रद कर दें।


हांगकांग से लेकर यूएस तक में मिले मामले
इस बीच कई अन्य देशों में भी कोरोनावायरस मिलने की पुष्टि हुई है। थाईलैंड में चार, और अमेरिका, ताइवान, जापान, कोरिया गणराज्य में एक-एक केस मिले हैं। हांगकांग और मकाओ में भी कई मरीज मिले हैं।


एशिया भर में आर्थिक असर
चीन में हालात से हांगकांग और शंघाई स्टॉक मार्केट करीब 1.5 प्रतिशत गिर गया। वहीं चीन की मुद्रा युआन में भी दो हफ्ते की सर्वाधिक गिरावट आई है। वहीं त्यौहारी समय में रिलीज होने जा रही सात फिल्में भी चीन में टाल दी गई हैं।


सैकड़ों उड़ानें रद
वुहान मध्य चीन में उद्योग और वाणिज्य का केंद्र माना जाता है। यहां से बृहस्पतिवार को 566 उड़ानें जानी थीं। सुबह 11:30 बजे चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन (सीएएसी) के उड़ानों पर रोक के आदेश आने के बाद इनमें से 288 को रद कर दिया गया है। रोजाना औसतन 30 हजार यात्री इन विमानों से बाहर जाते हैं, वे सभी यहां फंस गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक हैं।


अभी कोई वैक्सीन नहीं
फिलहाल इस वायरस को रोकने के लिए कोई टीका नहीं है। इसके लक्षणों में बुखार, सांस लेने में तकलीफ और खांसी दर्ज किए गए हैं। कई लोगों को सांस की गई परेशानियां भी आ रही हैं।


हालात : अचानक आदेशों से लोगों में गुस्सा
इन तीनों शहरों को छोड़ने पर लगी रोक के बाद ये एक तरह की जेल में बदल गए हैं। लोगों को घर से भी तभी निकलने के लिए कहा गया है, जब ऐसा करना बहुत जरूरी हो। इन शहरों में घरों से निकले लोग मास्क में नजर आ रहे हैं। वहीं खांसते और छींकते भी कई लोग नजर आ रहे हैं, जिनकी वजह से भय का माहौल है। ऐसे लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा है। 

 

अधिकतर लोगों में चीनी प्रशासन के लिए गुस्सा है क्योंकि शहरों में रोक के आदेश लागू होने से केवल एक घंटे पहले अचानक जारी किए गए। इसकी वजह से उलझनें बढ़ीं और भय का माहौल है। सामान्य छींक आने पर भी लोग जांच के लिए अस्पतालों की ओर दौड़ रहे हैं।
वुहान में 700 भारतीय, अधिकतर छात्र
वुहान शहर में करीब 700 भारतीय रहते हैं जिनमें से अधिकतर छात्र हैं। स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें बुधवार को ही शहर में और शहर से बाहर यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। भारत इस मामले में पहले ही यात्रा परामर्श जारी कर चुका है। भारतीय दूतावास लगातार इन भारतीयों के संपर्क में है।
हवाईअड्डों, ट्रेनों व बस अड्डों पर जांच, नई जगहों पर मामले मिले
24 जनवरी से नया वर्ष के लिए आवागमन कर रहे करोड़ों लोगों को देखते हुए चीन में कई हवाई अड्डों, बस अड्डों व ट्रेनों में जांच शुरू कर दी गई है। इसके चलते बीजिंग, शंघाई और चोंगकिंग और उत्तर पूर्व, मध्य और दक्षिण चीन से भी कोरोना वायरस के मामले सामने आ रहे हैं।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: