नयी दिल्ली। दिल्ली की अनाज मंडी इलाके में एक मकान में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। इस घटना में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल दमकल की 30 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग पर काबू पा लिया गया है और अब तक 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। हालांकि, राहत अभियान अभी भी जारी है।

 

दमकल विभाग को सुबह 5.22 बजे आग लगने की जानकारी मिली जिसके बाद मौके पर दमकल के वाहनों को भेजा गया। घायल लोगों को राम मनोहर लोहिया और हिंदू राव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली फायर सर्विस के चीफ फायर ऑफिसर अतुल गर्ग भी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, 'अब तक 50 लोगों को बचाया गया है। ज्यादातर लोग धुएं से प्रभावित हुए हैं।'

 

उधर, डेप्युटी चीफ फायर ऑफिसर सुनील चौधरी ने मीडियाकर्मियों को बताया कि आग बुझा दी गई है। राहतकार्य जारी है। ऑपरेशन में दमकल के 30 वाहन लगे हुए हैं।

 
 
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में दमकलकर्मी मौजूद हैं और फंसे हुए लोगों को निकालने में लगे हुए हैं। मकान की खिड़कियों से काला धुआं निकल रहा है जिससे जाहिर हो रहा है कि अंदर भीषण आग लगी थी। आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है।
 

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: