नयी दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ अपने दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंची। यहां भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंच कांग्रेस के जिला और शहरी अध्‍यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन कांग्रेस प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर योगी सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की गई।

किसानों को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन

सोनिया और प्रियंका गांधी ने इस बैठक में एक ओर जहां उत्तर प्रदेश के राजनीतिक परिस्थितियों पर न सिर्फ गहन चिंतन और मंथन किया, बल्कि कांग्रेस के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति के साथ ही अब किसानों के मुद्दों को लेकर योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले जाने का एलान कर दिया। किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक और ब्लाक से लेकर राजधानी तक प्रर्दशन किए जाने की रूपरेखा भी तय कर दी गई।

किसानों के घर-घर जाएंगे कांग्रेसी

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी नें एक ओर जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सबसे पहले किसानों के घर जाकर और नुक्कड सभाएं कर उनकी पीड़ा सुनने का निर्देश दिया है। दूसरी ओर किसानों से किसान मांग पत्र भरवा कर उनकी मांग के आधार पर ब्‍लॉक, तहसील और जिलास्तर के अधिकारियों का भी घेराव करने का निर्देश दे दिया। साथ ही इस संयुक्त बैठक में किसान आंदोलन के अंतिम चरण में राजधानी लखनऊ में विशाल किसान आक्रोश मार्च के जरिए सूबे की सत्ताधारी योगी सरकार को भी घेरने का एलान कर दिया है।

कांग्रेसियों की चल रही है ट्रेनिंग

बीते 20 जनवरी से रायबरेली स्थिति भुएमऊ गेस्ट हाउस में उत्तर प्रदेश के सभी पार्टी जिलाध्यक्ष और शहरी अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के मुताबिक 'नवनिर्वाचित पादाधिकारियों को कांग्रेस की विचारधारा, इतिहास, राजनीतिक दर्शन, भारतीय संस्कृति और अध्यात्म की जानकारी दी जा रही है। साथ ही जिला स्तर पर गठित होने वाली पूरी जिला कमेटी की जबाबदेही और जिम्मेदारी भी निर्धारित कर दी गई है। इस दौरान जिला और शहर अध्यक्षों को बूथ स्तर पर मैनेजमेंट और कमेटियों के निर्माण के साथ ही सोशल मी़डिया के बेहतर इस्तेमाल के लिये भी प्रशिक्षण दिया गया है।'

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: