फर्रुखाबाद में एक शातिर बदमाश ने 20 बच्चों और कुछ महिलाओं को घर में बंधक बना लिया। घटना जिले के मोहम्दाबाद इलाके की है। उसने बेटी के जन्मदिन के नाम पर गांव के बच्चों को बुलाया था। बच्चों को छुड़ाने पहुंची पुलिस पार्टी पर भी उसने फायरिंग की, जिसमें 2 पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, पुलिस ने बदमाश के जिस करीबी दोस्त को समझाइश देने भेजा था, उसे भी गोली लगी है। आरोपी ने पिछले 7 घंटों में 6 बार फायरिंग की और घर के बाहर हथगोला भी फेंका।

 

 

उत्तर प्रदेश के आईजी लॉ एंड ऑर्डर पीवी रामशास्त्री ने कहा- बचाव अभियान जारी है। क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीमें वहां मौजूद हैं। एंटी टैररिज्म स्क्वाड (एटीएस) भी पहुंच रही है। यह कहा जा रहा है कि लगभग 20 बच्चे अंदर बंधक हैं। वहीं, डीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि कमरे के अंदर से इस व्यक्ति ने पुलिस पर फायरिंग की। फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। बचाव के लिए एटीएस की टीम को भेजा गया है।

 

 

टाइम लाइन:

2 बजे: सुभाष बाथम ने बेटी के जन्मदिन पर बच्चों को घर बुलाया।
4 बजे: बाथम के घर पर आयोजित बर्थडे पार्टी में बच्चे पहुंचे।
5 बजे: सुभाष ने छत पर पहुंचकर बताया कि उसने बच्चों को बंधक बना लिया है।
5:30 बजे: गांव वालों ने एक व्यक्ति को सुभाष से बात करने भेजा, बदमाश ने उसके पैर में गोली मार दी। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई, 45 मिनट बाद पुलिस पहुंची।
6 बजे: पुलिस ने सुभाष से बातचीत शुरू की, इस बीच आरोपी ने फायरिंग की, जिसमें 2 पुलिसकर्मी घायल हुए।
6:15 बजे: आरोपी ने घर के अंदर से हथगोला (लो रेडिएंट बम) फेंका।
6:30 बजे: डीएम-एससपी मौके पर पहुंचे। आरोपी ने स्थानीय विधायक को बुलाने की मांग की। इसी बीच आरोपी ने दोबारा फायर किया।
7:00 बजे: उच्च अधिकारियों को हालात की जानकारी दी गई। आरोपी के पास हथियार होने के चलते खतरे का अंदेशा भी जताया गया।
7:30 बजे: डीजीपी ने एटीएस टीम को मौके पर पहुंचने का आदेश दिया। एनएसजी से भी संपर्क किया गया।
9:10 बजे: सीएम योगी ने तमाम आला अधिकारियों की बैठक बुलाई।
9:20 बजे: एटीएस की टीम मौके पर पहुंची, घर को घेरा गया।
9:30 बजे: एटीएस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
10:00 बजे: ड्रोन के जरिए घर के अंदर की तस्वीरें ली गईं।

 

 


सीएम ने पुलिस को फटकार लगाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले पर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। मुख्य सचिव, डीजीपी, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, और गृह विभाग के प्रमुख सचिव को योगी ने बच्चों को सुरक्षित छुड़ाने के लिए तुरंत एक्शन लेने को कहा। इसके बाद योगी ने फर्रुखाबाद के डीएम और एसपी से चर्चा की। योगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर फर्रुखाबाद पुलिस को फटकार लगाई। उन्होंने कहा- पिछले 7 घंटे से फर्रुखाबाद पुलिस क्या कर रही थी। समय रहते अपराधी पर काबू क्यों नहीं किया गया। हर हाल में बच्चों और महिलाओं को मुक्त कराया जाए। 

 

 

बेटी के जन्मदिन पर बुलाकर बंधक बनाया

बदमाश का नाम सुभाष बाथम है और वह हाल ही में जेल से छूटकर आया था। गुरुवार को उसकी बेटी गौरी (5) का जन्मदिन था। सुभाष ने मोहल्ले के बच्चों को अपने घर बुलाया था, जिन्हें उसने अपने घर में ही बंधक बना लिया। उसने पहले छत पर चढ़कर फायरिंग की और उसके बाद घर के अंदर से पुलिस पार्टी पर गोलीबारी करता रहा।

 

 

 

अंडरग्राउंड रूम में किया बन्द

बदमाश ने जन्मदिन मनाने के बाद बच्चों को घर के भूमिगत कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद शराब के नशे में छत पर चढ़कर चीखने लगा कि अब पुलिस उसे पकड़ने आई. तो नतीजा भुगतना पड़ेगा। इसके बाद मोहल्ले के लोग जमा हो गए। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो बदमाश ने उस पर भी हमला कर दिया। आरोपी ने पुलिस पार्टी पर गोलियां चलाईं और हैंड ग्रेनेड से हमला किया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। बदमाश ने 35 किलो बारूद से पूरे घर को उड़ाने की धमकी भी दी। पुलिस पार्टी पर हमला होने के बाद कई थानों की फोर्स मौके पर भेजी गई है।

 

 

हत्या के मामले में उम्रकैद काट रहा था आरोपी

आरोपी सुभाष बाथम ने 2001 में गांव के ही मेघनाथ नाम के व्यक्ति की हत्या की थी। इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई और फिलहाल वह जमानत पर बाहर आया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब चार महीने पहले स्वाट टीम उसे चोरी के मामले में पकड़कर ले गई थी, तभी से वह मोहल्ले के लोगों से दुश्मनी रखता है। उसका कहना है कि मोहल्ले के लोगों ने ही उसे पकड़वाया था।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: