चीन में मंगलवार तक कोरोनावायरस से 426 लोगों की मौत हो चुकी है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, देश में अब तक 20,383 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, केरल सरकार ने सोमवार को कोरोनावायरस को राज्य आपदा घोषित कर दिया। राज्य में तीन मामलों की पुष्टि हो चुकी है। तीनों लोग कुछ दिनों पहले ही चीन के सबसे ज्यादा प्रभावित शहर वुहान से लौटे थे। करीब 1800 लोगों को उनके घरों में निगरानी में रखा गया है। चीन के 15 से ज्यादा शहरों को लॉकडाउन किया गया है। 6 करोड़ लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध है।

 

5 लोगों में कफ और कोल्ड के मामले देखे गए

चीन से लाए गए सभी भारतीयों में से 5 लोगों में रविवार को कफ और कोल्ड के मामले देखे गए। इसके बाद उन्हें बेहतर ऑब्जर्वेशन और ईलाज के लिए दिल्ली कैंट के बेस अस्पताल ले जाया गया। उनके नमूने को एम्स भेजा गया था जहां एक व्यक्ति का नमूना निगेटिव पाया गया वहीं अन्य चार के नमूने अभी नहीं आए हैं। 

 

भारत ने मंत्री समूह का गठन किया

भारत में सरकार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी, विदेश मंत्री एस जयशंकर, राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी, अश्विनी कुमार चौबे और मनसुख लाल का समूह गठित किया है। यह लगातार कोरोनावायरस की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और हालात पर नजर रखेंगे।

 

कई देशों ने अपने लोगों को चीन से वापस बुलाया

अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर ने अस्थायी रूप से अन्य देशों के उन नागरिकों के आने पर रोक लगा दी है, जिन्होंने हाल में चीन की यात्रा की है। वियतनाम ने भी चीन से आने-जाने के लिए सभी उड़ानों पर रोक लगा दी है। रूस ने 3 फरवरी से चीन के साथ रेल सेवा निलंबित कर दी। भारत, अमेरिका, जर्मनी, ईरान और श्रीलंका समेत कई देशों ने चीन से अपने नागरिकों को वापस बुला लिया है। नेपाल भी अपने लोगों को वापस लाने में जुटा है।

 

20 से ज्यादा देश चपेट में

चीन में कोरोनावायरस का पहला मामला पिछले साल दिसंबर में वुहान में सामने आया था। 20 से ज्यादा देश इसकी चपेट में हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 31 जनवरी को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर चुका है, ताकि अन्य देश ऐहतियाती कदम उठा सकें। अब तक जापान में 20, थाईलैंड में 19, सिंगापुर में 18, हॉन्गकॉन्ग और दक्षिण कोरिया में 15-15, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी में 12-12, ताइवान में 10, अमेरिका में 11, मकाऊ, मलेशिया और वियतनाम में 8-8, फ्रांस में 6, यूएई में 5, कनाडा में 4, इटली, रूस, फिलीपींस, ब्रिटेन में 2-2, भारत में 3, नेपाल, कंबोडिया, स्पेन, फिनलैंड, स्वीडन और श्रीलंका में 1-1 मामले की पुष्टि हुई।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: