नयी दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ फिर सत्ता से में वापसी की है। आप ने  2015 के प्रदर्शन को करीब-करीब दोहराते हुए दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में से 62 सीटों पर कब्जा जमाया है। इस बंपर जीत के साथ ही अब सवाल उठने लगे हैं कि अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद की शपथ कब लेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि केजरीवाल वैलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी को शपथ ले सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दिन से उनका बेहद खास नाता रहा है।

साल 2013 और वैलेंटाइन डे

सूत्रों के मुताबिक, केजरीवाल भी यही चाहते हैं कि वो इसी दिन ही सीएम पद की शपथ लें। दरअसल, साल 2013 में पहली बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी. बीजेपी को 31, आम आदमी पार्टी ने 28 और कांग्रेस को 8 सीटों पर जीत मिली थी। आप ने कांग्रेस से हाथ मिलाकर सरकार बनाई। अरविंद केजरीवाल ने 28 दिसंबर को पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री की शपथ ली। लेकिन कांग्रेस और AAP के बीच अनबन हो गई। सिर्फ 49 दिनों में ही सरकार गिर गई। इसके बाद केजरीवाल ने इस्तीफा देने का फैसला किया। खास बात ये है कि केजरीवाल ने 14 फरवरी 2014 के दिन ही इस्तीफा दिया।

साल 2015 और वैलेंटाइन डे

साल 2015 में चुनाव का ऐलान होते ही आप के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने ऐलान कर दिया था कि केजरीवाल रामलीला मैदान में 14 फरवरी को शपथ लेंगे और हुआ भी वही। आप को धमाकेदार 67 सीटों पर जीत मिली। बीजेपी को सिर्फ 3 सीटों पर जीत से संतोष करना पड़ा। जबकि कांग्रेस का सफाया हो गया। इसके बाद केजरीवाल ने 14 फरवरी 2015 को दूसरी बार सीएम पद की शपथ ली।

केजरीवाल फिर दोहराएंगे वैलेंटाइन डे कनेक्शन?

सरकार बनने के 3 साल बाद यानी 2018 में केजरीवाल ने एक खास कार्यक्रम किया। दिलचस्प बात ये है कि इस कार्यक्रम का आयोजन 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे के ही दिन किया गया। यानी खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी इस दिन को बेहद खास मानते हैं। फिलहाल 11 फरवरी को नतीजों का ऐलान हो चुका है। ऐसे में अब देखना ये होगा कि क्या केजरीवाल एक बार फिर 14 फरवरी को ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इस तारीख से अपना स्पेशल कनेक्शन साबित करेंगे।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: