महाराष्ट्र के कई इलाकों में लगातार चल रही बारिश अब जानलेवा होती जा रही है। रत्नागिरी के आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के चलते अब वहां मौजूद तिवरे बांध टूट गया। बांध टूटने के चलते 7 गांवों में बाढ़ के हालात हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 20 से ज्यादा लोग लापता हैं। हादसा मंगलवार देर रात को हुआ, जिसके बाद अचानक कई गांवों में बाढ़ आ गई। हालात इतने खराब हो गए कि लोगों को बचने का समय भी नहीं मिला और कुछ लोग तो नींद में ही बह गए. बचाव कार्य शुरू करते ही पहले दो लोगों के शव मिले थे। बाद में बचाव दल को कीचड़ में दबे चार और शव ‌मिले हैं।



बढ़ सकती है मृतकों की संख्या 
प्रशासन के अनुसार मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। बताया जा रहा है कि 20 से ज्यादा लोग लापता हैं और बांध से निकले कीचड़ और मलबे में उनके दबे होने की आशंका है। अगर ऐसा होता है तो मलबे में उनके बचने की संभावनाएं काफी कम होंगी, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।



लगातार हो रही है बारिश
रत्नागिरी और उसके आसपास हो रही लगातार बारिश ने तिवरे बांध का जलस्तर अचानक बढ़ा दिया। बताया जा रहा है कि पिछले 72 घंटों से बांध के कैचमेंट एरिया में तेज बारिश हो रही है, जिसके चलते बांध तक पानी लाने वाले नदी और नाले पूरे उफान पर हैं। पानी की अचानक आवक को बांध की दीवारें झेल नहीं सकीं और यह भरभरा कर ढह गया। बांध के टूटने के बाद उसके बहाव क्षेत्र में पड़ने वाले 7 गांवों में बाढ़ के हालात हैं।



मुंबई भी पानी पानी
वहीं, मुंबई में भी लगातार चार दिनों से चल रही बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मंगलवार को भी मलाड इलाके में बारिश के चलते एक दीवार गिरने के बाद अब तक मृतकों की संख्या 27 के पार पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि अब तक 60 से ज्यादा लोग वर्षाजनित हादसों में घायल हो गए हैं। वहीं, कल्याण में भी बारिश के बाद दीवार के ढह जाने से तीन लोगों की मौत हुई है।



मौसम विभाग ने जारी कर रखा है अलर्ट 
मौसम विभाग ने उत्तरी महाराष्ट्र के तटीय इलाकों और दक्षिणी गुजरात के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर रखी है। इसके साथ ही तटीय इलाकों में हाई टाइड का भी अलर्ट जारी किया जा चुका है। मुंबई में लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में महाराष्ट्र के कई इलाकों में हालात और खराब हो सकते हैं।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: