नयी दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र ( ISRO) के मिशन चंद्रयान-2 को 15 जुलाई को तड़के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से 15 जुलाई को लॉन्च किया जाना था लेकिन फिलहाल इसे रोक दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक रॉकेट में तकनीकी खराबी के बाद इसरो के जीएसएलवी रॉकेट के लॉन्च को स्थगित कर दिया गया है। इसरो ने इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। लेकिन आज यानी की सोमवार को इसरो की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस बारे में जानकारी दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा लॉन्च के लिए नई तारीख का ऐलान भी किया जा सकता है।

आपको बता दें कि श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से आज तड़के 2.51 बजे चंद्रयान2 का प्रक्षेपण होना था। इसरो के इस मिशन पर पूरे देश की निगाहें लगी थीं। 3,850 किलोग्राम वजन वाले अंतरिक्ष यान को अपने साथ एक ऑर्बिटर, एक लैंडर और एक रोवर लेकर जाना था।

इसरो ने पहला आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, 'प्रक्षेपण यान में टी56 मिनट पर तकनीकी खामी दिखी। एहतियात के तौर पर चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण आज के लिए टाल दिया गया है। नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।'

इसरो के पीआरओ गुरू प्रसाद ने कहा घोषणा के लिए कुछ देर करना होगा इंतजार। इसरो ने मीडिया सेंटर और विजिटर गैलरी में लाइव स्क्रीनिंग रोक दी गई है। नई तारीखों का जल्द एलान किया जाएगा।



మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: