नयी दिल्ली। छमा छमा गर्ल उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उर्मिला ने कहा कि मेरी राजनीतिक और समाजिक संवेदनाएं बड़े लक्ष्य को हासिल करने की हैं, लेकिन मुंबई कांग्रेस में हो रही गुटबाजी के कारण मैं ऐसा कर नहीं पा रही हूं।


उर्मिला ने मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से बतौर कांग्रेस कैंडिडेट चुनाव लड़ा था लेकिन चुनाव में उन्हें बीजेपी के नेता गोपाल शेट्टी से करारी शिकस्त मिली थी। राजनीति में एंट्री के बाद उर्मिला ने हमारे सहयोगी टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा था कि उत्तर मुंबई में स्लम बस्तियां अधिक हैं, इसलिए वह उनके विकास के लिए काम करना चाहेंगी। बताया जा रहा है कि उर्मिला ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को संबोधित इस्तीफे का खत 7 सितंबर को ही लिखा था।


उर्मिला ने इस्तीफे में लिखा, ''पहली बार मन में इस्तीफे का विचार तब आया था जब 16 मई को लिखे मेरे पत्र पर तत्कालीन मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने कोई एक्शन नहीं लिया। इसके बाद इस गोपनीय संवाद को बड़ी आसानी से मीडिया में लीक कर दिया गया। यह मेरे साथ छल था।'' दरअसल, लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले उर्मिला ने खत में अपनी हार के लिए स्थानीय नेताओं पर उंगली उठाई थी। हार के लिए कमजोर रणनीति, कार्यकर्ताओं की अनदेखी और फंड की कमी को जिम्मेदार बताया था।


नौ पन्नों के इस पत्र में उर्मिला ने लिखा कि स्थानीय नेताओं के बीच फूट, पार्टी में नेतृत्व की कमी, कमजोर प्लानिंग से उनकी लोकसभा चुनाव में हार हुई। उर्मिला ने लिखा कि उनके लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान नेताओं के बीच भेदभाव लगातार सामने आता रहा। लोकल स्तर पर पार्टी का कोई नेतृत्व नहीं था। उन्होंने यह पत्र 16 मई को मिलिंद देवड़ा को लिखा और कहा कि उन्होंने चुनाव जीतने के लिए कड़ी मेहनत की लेकिन उन्हें दूसरे नेताओं का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।


कुछ दिन पहले केंद्र सरकार पर भी साधा था निशाना

उर्मिला ने कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने की वजह से केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट और फोन सेवाएं बंद होने के चलते उन्हें अपने ससुराल वालों की खबर नहीं मिल पा रही है। उर्मिला की शादी मोहसिन अख्तर मीर से हुई है। वह कश्मीर से ताल्लुक रखते हैं।





మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: