अंग्रेजी वेबसाइट टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार शाहिद कपूर एक मशहूर अवॉर्ड शो में अपनी शानदार परफॉर्मेंस देने के लिए कई दिनों से रिहर्सल कर रहे थे। साथ ही वह ये भी सोच रहे थे कि उन्हें इस अवॉर्ड शो में सर्वेश्रेष्ठ पुरस्कार से नवाजा जाएगा, लेकिन आखिरी वक्त में जब उन्हें पता चला कि सर्वेश्रेष्ठ पुरस्कार उनको नहीं बल्कि अभिनेता रणवीर सिंह को मिलेगा, तो उन्होंने अवॉर्ड शो में परफॉर्म करने से मना कर दिया।
वेबसाइट के मुताबिक शाहिद कपूर को फिल्म कबीर सिंह के लिए सर्वेश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिलने की उम्मीद थी, लेकिन जब उन्हें पता चला कि उनकी जगह अभिनेता रणवीर सिंह को फिल्म गली ब्वॉय के लिए ये पुरस्कार मिल रहा है तो शाहिद को अच्छा नहीं लगा और वह शो छोड़कर चले गए। शाहिद के शो छोड़ने के बाद उनकी जगह पर अभिनेता वरुण धवन से परफॉर्मेंस करवानी पड़ी। हालांकि अमर उजाला इस खबर की पुष्टि नहीं करता है।
आपको बता दें कि शाहिद कपूर की फिल्म कबीर सिंह इस साल जून में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री कियारा आडवाणी मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म कबीर सिंह का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा ने किया था। गौरतलब है कि रविवार को मुंबई में स्टार स्क्रीन अवॉर्ड्स 2019 का आयोजन किया गया। इस दौरान तमाम बॉलीवुड सितारों ने अपना जलवा बिखेरा। अवॉर्ड सेरेमनी में फिल्मों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सितारों को सम्मानित किया गया। साथ ही उन फिल्मों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने बड़े पर्दे पर बेहतरीन आमद दी।