नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव के मौसम में बॉलिवुड सिलेब्रिटीज भी चुनावी रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। हाल के दिनों में बॉलिवुड भी राजनीतिक खेमों में बंटा नजर आ रहा है। कोई खुलकर बीजेपी को सपॉर्ट कर रहा है तो कोई कांग्रेस को। अब इस लिस्ट में बिग बॉस जीत चुकीं फिल्मों और टीवी की ऐक्ट्रेस गौहर खान का नाम भी जुड़ गया है। गौहर खान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सपॉर्ट में ट्वीट किया है। 
दरअसल हाल में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उनके पिता राजीव गांधी का नाम लिया था। पीएम मोदी ने कहा था, 'आपके (राहुल गांधी) पिताजी को आपके राज दरबारियों ने गाजे-बाजे के साथ मिस्टर क्लीन बना दिया था। लेकिन देखते ही देखते भ्रष्टाचारी नम्बर वन के रूप में उनका जीवनकाल समाप्त हो गया। नामदार यह अहंकार आपको खा जाएगा। यह देश गलतियां माफ करता है, मगर धोखेबाजी को कभी माफ नहीं करता।' 

पीएम के इस हमले के बाद राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए ट्वीट किया और कहा, 'मोदीजी, लड़ाई खत्म हो चुकी है। आपके कर्म आपका इंतजार कर रहे हैं। खुद के बारे में अपनी आंतरिक सोच को मेरे पिता पर थोपना भी आपको नहीं बचा पाएगा। सप्रेम और झप्पी के साथ- राहुल।' अब गौहर खान ने भी राहुल के सपॉर्ट में ट्वीट किया है। 

गौहर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आपके लिए ढेर सारा सम्मान। आपके पिता स्वर्गीय राजीव गांधी बेहद सम्मानित और प्यारे प्राइम मिनिस्टर थे। उनके कद से जलन होना आसान है। आपने अपने सम्मान को कायम रखा है। आप और मजबूत हों राहुल गांधी। ट्विटर पर गौहर के इस ट्वीट का काफी लोग सपॉर्ट कर रहे हैं जबकि एक बड़ी संख्या में लोग उनकी आलोचना भी कर रहे हैं।

                                                




మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: