दुबई। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर भारत समेत दुनियाभर में उन्हें याद किया गया। इसी उपलक्ष्य पर दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर रंग-बिरंगी रोशनी के जरिए महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई। 2 अक्टूबर को दुबई की बुर्ज खलीफा पर गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर उनकी तस्वीरें लगाई गईं। साथ ही इस मौके पर तिरंगे की छटा बिखेरते हुए गांधी का प्रिय भजन वैष्णव जन भी बजता सुनाई दिया। खुद केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की।

दुनियाभर के कई दिग्गजों ने भी इस मौके पर महात्मा गांधी को याद किया। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष तिज्जानी मुहम्मद-बंदे ने भी गांधी जी को याद करते हुए ट्वीट किया। संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष ने लिखा, “आज, महात्मा गांधी के जन्मदिन पर, हम अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस मना रहे हैं। हमें महात्मा गांधी के मूल्यों शांति, सहिष्णुता गांधी और अहिंसा का पालन करना चाहिए।”

गांधी जयंती के इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देशभर के तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर 150 रुपये के मूल्य का एक सिक्का भी जारी किया।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: