उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में जिंदा जलाए जाने के बाद गैंगरेप पीड़िता की 6 दिसंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई है। उसके पार्थिव शरीर को उन्नाव लाया जा रहा है। वहीं, इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पीड़ित परिवार से मिलने उन्नाव पहुंच गईं। पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'मैंने सुना है कि दोषियों का भाजपा से कुछ नाता है।'

 

शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, 'बीते एक साल से पीड़िता और उसके परिवार को परेशान किया जा रहा था। मैंने यह भी सुना है कि दोषियों का बीजेपी से संबंध है। राज्य में अपराधियों में कोई डर नहीं है।' 'मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है, लेकिन उन्होंने राज्य को बदल दिया है, मुझे लगता है कि यहां महिलाओं के लिए कोई जगह नहीं है।'

 

आरोपियों ने लड़की के पिता को घर में घुसकर बुरी तरह पीटा। पीड़िता के परिवार की महिलाओं को धमकाया गया। इस पर योगी सरकार की जवाबदेही तो बनती है। प्रशासन को बताना पड़ेगा कि ऐसा क्यों हो रहा है। छोटी सी बच्ची को धमकाया है कि तुम्हारा स्कूल से नाम कटवा देंगे। जून में उनकी खेती जला दी गई है। इस तरह से परिवार को एक साल तक परेशान किया गया।

 

प्रियंका ने घर के बाहर बैठे पीड़िता के पिता से हाथ जोड़े, इसके बाद वह एक महिला रिश्तेदार का हाथ पकड़कर घर के अंदर गईं। पीड़िता के घर के बाहर पूरा गांव उमड़ पड़ा। इस दौरान पीड़िता के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। प्रियंका के साथ यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी व अनु टंडन भी मौजूद रहे। उधर, पीड़िता के शव का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है और उसे सड़क मार्ग से दिल्ली से उन्नाव लाया जा रहा है।

 

पीड़िता की भाभी ने बताया कि, प्रियंका गांधी ने हमें न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि वह हमारे साथ न्याय के लिए लड़ेंगी। वहीं पीड़ित परिवार ने प्रियंका गांधी से कहा कि, हमारी एकमात्र मांग यह है कि दोषियों को मृत्यु दंड दिया जाए, तभी उनकी आत्मा को शांति मिलेगी।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: