आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने शुक्रवार को अपने 25 सदस्यीय मंत्रिमंडल में पांच उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए। वे ऐसा करने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। सीएम हाउस में हुई वाईएसआर कांग्रेस नेताओं की बैठक में यह फैसला लिया गया। नए मंत्री शनिवार को शपथ लेंगे। चंद्रबाबू नायडू की अगुआई वाली पिछली तेदेपा सरकार में दो उपमुख्यमंत्री कापू समुदाय और पिछड़ा वर्ग से थे।


वाईएसआर कांग्रेस के विधायक मुस्तफा शेख ने बताया कि कैबिनेट में शामिल पांचों डिप्टी सीएम अलग-अलग समुदाय अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और कापू समुदाय से होंगे। हम सरकार में सभी वर्गों को बराबर प्रतिनिधित्व देने की कोशिश कर रहे हैं। करीब ढाई साल बाद कामकाज की समीक्षा कर कैबिनेट में बदलाव भी करेंगे। जगनमोहन राज्य के सबसे बेहतर मुख्यमंत्री साबित होंगे।


जगनमोहन सरकार ने गुरुवार को चंद्रबाबू नायडू की सरकार के उस विवादित फैसले को बदल दिया था, जिसके तहत सीबीआई को राज्य में जांच और छापेमार कार्रवाई करने की अनुमति पर रोक लगी थी। सीबीआई को अब राज्य में किसी भी भ्रष्टाचार या अन्य मामलों में कार्रवाई का पूरा अधिकार होगा। 8 नवंबर 2018 को तत्कालीन तेदेपा सरकार ने सरकारी आदेश जारी कर उस आम सहमति को वापस ले लिया था, जिसके तहत सीबीआई को राज्य में कार्रवाई का अधिकार मिला था।

మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: