नयी दिल्ली। प्रति वर्ष 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारत समेत दुनिया भर में मनाया जा रहा है। योग दिवस के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची के प्रभात तारा मैदान से संबोधित किया। उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद रहे।  5वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर देश और दुनिया भर में योग के कार्यक्रम हो रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा के रोहतक में और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजपथ पर योग किया। 

पीएम मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस दिवस को मनाने का फैसला किया गया। यह दिवस 2015 से मनाया जा रहा है। इस साल 5वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय 'हृदय के लिए योग' (योगा फॉर हार्ट) रखा गया है। 

योग कार्यक्रम Updates :-

  • न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि एस अकबरुद्दीन ने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि जनरल असेंबली हॉल में यह इनडोर योग सत्र अपनी तरह का पहला सत्र है। यह स्वच्छता, हरियाली और अधिक टिकाऊ भविष्य के मूल्यों को सुदृढ़ करेगा जिसके लिए आप सभी योगी प्रतिबद्ध हैं।'
  •  राष्ट्रपति भवन में योग दिवस मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, 'मुझे खुशी है कि पिछले साल की तरह, इस वर्ष भी हम यहां योग दिवस मना रहे हैं। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, यह योग को हमारे जीवन का अभिन्न अंग बनाने का एक तरीका है।'
  • इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवान उत्तरी लद्दाख में 18000 फीट की ऊंचाई पर बर्फ से लदे पहाड़ पर माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तापमान में योग कर  रहे हैं। 
  • केंद्रीय गृह मंत्री योग दिवस के अवसर पर हरियाणा के रोहतक पहुंचे जहां उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर हरियाणा कैबिनेट के कई मंत्रियों के अलावा आम जनता ने भी इसमें शिरकत की।
  • लोकसभा स्पीकर ओम बिरला संसद भवन के प्रांगण में कर रहे हैं योग। स्पीकर के साथ बड़ी संख्या में सांसद और संसद भवन के कर्मचारी भी योग कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।
  • मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुचे हैं। फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी इस योग कार्यक्रम में भाग ले रही हैं।
  • छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनात इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस के जवान कोंडागांव में योग कर रहे हैं। इस अवसर पर राज्य के कई हिस्सों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
  • मुंबई में पश्चिमी नौसेना डॉकयार्ड में आईएनएस विराट (डिक्मिशनड) के ऑन-बोर्ड पर योग का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।
  • योगा दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने देशभर की जनता को कहा है कि आज हमारे योग को दुनिया अपना रही है तो हमें योग से जुड़ी रीसर्च पर भी जोर देना होगा। इसके लिए जरूरी है कि हम योग को किसी दायरे को बांध कर ना रखें। योग को मेडिकल, फिजियोथैरेपी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इनसे भी जोड़ना होगा।
  •  और आगे उनका कहना है कि हम सभी योग के महत्व को अच्छी तरह से जानते हैं। यह हमेशा से ही हमारी संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। लेकिन अब हम सभी को योग के अभ्यास को दूसरे स्तर पर ले जाना होगा। आज के बदलते हुए समय में, बीमारियों से बचाव के साथ-साथ स्वस्थ्यता पर हमारा फोकस होना जरूरी है। यही शक्ति हमें योग से मिलती है, यही भावना योग की है, पुरातन भारतीय दर्शन की है। योग सिर्फ तभी नहीं होता जब हम आधा घंटा जमीन या मैट पर होते हैं।

  • आज हम ये कह सकते हैं कि भारत में योग के प्रति जागरूकता हर कोने तक, हर वर्ग तक पहुंची है। ड्रॉईंग रूम से बोर्ड रूम्स तक,  शहरों के पार्क्स से लेकर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स तक, गली-कूचों से वेलनेस सेंटर्स तक आज चारों तरफ योग को अनुभव किया जा सकता है।
  • योग अनुशासन है, समर्पण हैं, और इसका पालन पूरे जीवन भर करना होता है। योग आयु, रंग, जाति, संप्रदाय, मत, पंथ, अमीरी-गरीबी, प्रांत, सरहद के भेद से परे है। योग सबका है और सब योग के हैं। योग के दुनिया भर में प्रसार में मीडिया के हमारे साथी, सोशल मीडिया से जुड़े लोग जिस तरह अहम भूमिका निभा रहे हैं, वो भी बहुत महत्वपूर्ण है। मैं उनका भी आभार व्यक्त करता हूं।
  • अब मुझे आधुनिक योग की यात्रा शहरों से गांवों की तरफ ले जानी है, गरीब और आदिवासी के घर तक ले जानी है। मुझे योग को गरीब और आदिवासी के जीवन का भी अभिन्न हिस्सा बनाना है। क्योंकि ये गरीब ही है जो बीमारी की वजह से सबसे ज्यादा कष्ट पाता है।
  • पीएम मोदी ने कहा कि रांची और स्वास्थ्य का रिश्ता इतिहास में दर्ज है। उन्होंने रांची से ही अपनी महात्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत की और झारखंड प्रकृति के बेहद करीब है।
  • देश ही नहीं विदेशों में भी आज योग दिवस मनाया जा रहा है। भारत के पड़ोसी देश नेपाल में बड़ी संख्या में लोग योग कर रहे हैं। भारतीय दूतावास ने जनकपुर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन जानकी मंदिर में किया गया।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा सांसद मिनाक्षी लेखी राजपथ पर योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर नजफगढ़ में लोगों के साथ योग करेंगे। 
  • योग गुरु बाबा रामदेव महाराष्ट्र के नांदेड़ में लोगों को योगासन करा रहे हैं। उनके साथ योग कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस भी शामिल हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग योग कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
  • अरुणाचल प्रदेश के एटीएस लोहितपुर में आईटीबीपी के जवान अपने घोड़ों एवं श्वानों के साथ योग करते हुए।  देश के अलग-अलग हिस्सों में सामान्य आदमी से लेकर विभिन्न क्षेत्रों की बड़ी-बड़ी हस्तियां आज योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा के रोहतक में योग करेंगे। 
  • महाराष्ट्र के नांदेड़ में योग गोरु बाबा रामदेव लोगों को योग कराएंगे। इस योग कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस हिस्सा ले रहे हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग योग करने पहुंचे हैं। योग को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
  • अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर वाराणसी में कुछ लोगों ने गंगा नदी में योग किया।
  • अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर राजस्थान के जैसलमेर में भारतीय सेना के बैटल एक्स डिवीजन के डेजर्ट चार्जर ब्रिगेड ने "Yoga in Dunes” इवेंट का आयोजन किया।

रांची में कार्यक्रम स्थल पर पीने के लिए पानी, अस्थायी शौचालय, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और एनडीआरएफ के साथ लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं। 400 अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की गई। 200 से ज्यादा पेयजल केंद्र बनाए गए। 100 के पानी के टैंकर लगाए गए हैं और आठ मेडिकल रिस्पांस टीमों एवं 21 एंबुलेंस की तैनाती की गई। 

सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की गई। जिला बल, झारखंड सशस्त्र बल और त्वरित कार्यबल के जवान कार्यक्रम स्थल पर तैनात किए गए। 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई। हर जांच बिंदू पर 6-7 डीएफएमजी लगाए गए। पार्किंग एरिया में भी जवान तैनात किए गए। 



 



మరింత సమాచారం తెలుసుకోండి: